लातेहार: उपायुक्त भोर सिंह यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, मिशन लाइफ (लाइफ स्टाइल फॉर एन्वायरमेंट) उन्नमुखिकरण सह कार्यशाला का आयोजन लोगों को पर्यावरण अनुकूल जीवन पद्धति अपनाने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त भोर सिंह यादव, वन प्रमंडल पदाधिकारी रोशन कुमार, उप विकास आयुक्त आलोक शिकारी कच्छप द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मिशन लाइफ का मतलब ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ से है, यानी ऐसी जीवनशैली को अपनाना और बढ़ावा देना, जो पर्यावरण को नुकसान ना पहुंचाए। इस मिशन का उद्देश्य व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर छोटे कदमों एवं उपायों को लागू करके जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करना है। मिशन लाइफ के तहत सततशील जीवनशैली से संबंधित 75 कदमों को 7 श्रेणियों के तहत सूचीबद्ध किया गया है जिनमें ऊर्जा की बचत, पानी की बचत, एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक का कम उपयोग, टिकाऊ खाद्य प्रणाली, अपशिष्ट में कमी, स्वस्थ जीवन शैली अपनाना और ई-कचरा प्रबंधन शामिल हैं। मिशन लाइफ एक अभियान के रूप में इन पर्यावरणीय क़दमों के अनुरूप रोजाना स्वस्थ जीवनशैली की तरफ बदलाव को प्रेरित करती है।
इस दौरान उपायुक्त ने ऊर्जा बचाने, पानी बचाने, प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने, जैविक खेती और पोषणयुक्त भोजन, कूड़ा-कचरा कम करने, स्वस्थ जीवनशैली और इलेक्ट्रॉनिक कचरा कम करने की बात कही।
उन्नमुखिकरण सह कार्यशाला में मिशन लाइफ के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान उपायुक्त द्वारा सभी को हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए शपथ दिलाया गया।
मिशन लाइफ पर आधारित व्यापक जागरूकता अभियान को विश्व पर्यावरण दिवस-2023 तक मनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत जिले में प्रत्येक दिन साईकिल रैली, पौधारोपण, ऊर्जा संरक्षण विषय पर चित्रकला, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, गोष्ठी, प्रदर्शन आदि गतिविधियाँ का आयोजन किया जाएगा।
कार्यशाला में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, रोजगार सेवक एवं वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी जुड़े थे।