लातेहार: राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को लातेहार जिला अंतर्गत कुष्ठ रोगी की खोज प्रारंभिक अवस्था में करने के उद्देश्य से सदर अस्पताल के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर कुष्ठ रोगी खोज अभियान 2023 (प्रथम चक्र) का शुभारम्भ किया गया।
इस मौके पर सिविल सर्जन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कुष्ठ उन्मूलन के लिए दिनांक 15 जुन से 28 जुन 2023 तक कुष्ठ रोगी खोज अभियान 2023 चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के जरिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गठित टीम द्वारा कुष्ठ रोगियों की पहचान करते हुए उनके इलाज के लिए कार्य किया जा रहा है। आगे बताया गया कि कुष्ठ रोग के उन्मूलन को लेकर इस अभियान के तहत जिला अंतर्गत डोर टू डोर सर्वे के लिए कुल 1132 टीम बनाया गया है जिनमे कुल 150 सुपरवाइजर समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी कार्य करेंगे। सभी टीम के सदस्यों एवं सुपरवाइजर का प्रशिक्षण संपन्न करा ली गई है। इस अभियान के तहत लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा खोजी दल के घर-घर जाकर कुष्ठ रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा। इसके पश्चात उन व्यक्तियों की जाँच की जाएगी। जाँच में कुष्ठ रोग की पुष्टि होने पर उसका ईलाज प्रारम्भ किया जाएगा।
आगे उन्होंने कहा कि शरीर में दाग और उस दाग में सूनापन होना कुष्ठ रोग का लक्षण है। शरीर में ऐसे लक्षण होने पर अविलम्ब डॉक्टर से जाँच करवाएं। दवा खाने से कुष्ठ रोग पूरी तरह से ठीक हो जाता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों से अपील किया कि कुष्ठ रोग के लक्षण वाले व्यक्ति को जाँच एवं ईलाज कराने हेतु प्रेरित करें।
जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. शोभना टोप्पो ने कुष्ठ रोगी खोज अभियान – 2023 के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दिया। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आमजनमानस में जागरूकता लाने के उद्देश्य से सिविल सर्जन द्वारा हरी झंडी दिखाकर कुष्ठ जागरूकता रथ को रवाना किया गया।
मौके पर आरडीडी पलामू डॉ. संतोष श्रीवास्तव, जिला जनसंम्पर्क पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मी उपस्थित थे।