रांची: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखण्ड के द्वारा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के तत्वाधान में प्रमंडल स्तरीय 62वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2023-24 का फाइनल मैच बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम रांची में खेला गया।
दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के जिलों के लिए आयोजित प्रतियोगिता का पहला फाइनल अंडर 14 बालक वर्ग में संत इग्नियस हाई स्कूल गुमला बनाम बेथनी कांवेंट मालमंड्रो रांची के बीच खेला गया। जिसमें संत इग्नियस हाई स्कूल गुमला ने बेथनी कांवेंट मालमंड्रो रांची को ट्राईब्रेकर में 11-10 से हरा कर टुर्नामेंट पर कब्जा जमा लिया।
प्रतियोगिता का दूसरा फाइनल मैच अंडर 17 बालिका वर्ग का खेला गया। जिसमें संत पीयूष उच्च विद्यालय रामपुर, गुमला बनाम कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टांगर, सिमडेगा के बीच खेला गया। जिसमें संत पीयूष उच्च विद्यालय रामपुर, गुमला ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टांगर, सिमडेगा को 1-0 से हरा कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का अंतिम फाइनल मैच अंडर 17 बालक वर्ग का संत इग्नासियूस हाई स्कूल गुमला बनाम रमेश सिंह मुंडा हाई स्कूल बुंडू रांची के बीच खेला गया। जिसमें संत इग्नासियूस हाई स्कूल गुमला ने 1-0 से जीत दर्ज करते हुए टाइटल अपने नाम कर लिया।
तीनों विजेता टीम आगामी 7 से 9 अगस्त तक रांची के खेलगांव में होने वाली राज्य स्तरीय 62वीं प्री-सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2023-24 में दक्षिणी छोटानगपुर का प्रतिनिधित्व करेगी।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग, विशिष्ट अतिथि सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी विनय बंधु कच्छप, लेखा पदाधिकारी आनंद कुमार, सहायक अभियंता जयंत कुमार उपस्थित थे। अतिथियों के द्वारा विजेताओं को विजेता ट्रॉफी एवं विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं पदक देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी चान्हो निर्मल बड़ाईक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अनगड़ा पंकज तिर्की, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सिल्ली मनोज कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी चान्हो मो. इम्तियाज, शारीरिक शिक्षा शिक्षक जफर इमाम, देवचरण कच्छप, प्रदीप महतो, सुशील कच्छप, इम्तियाज़ हुसैन, दयानंद लकड़ा, अनामिका तिर्की, अनिता तिग्गा, शिव महतो सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा।