झारखंड की सभ्यता और संस्कृति की पहचान है टुसू मेला : चंद्रप्रकाश चौधरी

रामगढ़:  गोला प्रखंड के संग्रामपुर पंचायत स्थित बघलतवा में दो दिवसीय टुसू मेले का आयोजन किया गया। जिसका  उद्घाटन मुख्य अतिथि गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने विधिवत फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अथिति कुड़मी विकास मोर्चा की केंद्रीय अध्यक्ष शीतल ओहदार, गोला बीडीओ संजय कुमार शांडिल्य सहित कई पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। अपने संबोधन में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि टुसू पर्व झारखंड की सभ्यता और संस्कृति का प्रतीक है। मेले का आयोजन से लोगों का अपनी परंपराओं के प्रति रूझान बना रहता है।

टुसू मेला के पहले परिसर में रंगारंग नागपुरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नागपुरी-खोरठा गीत प्रस्तुत कर अनोखा समां बांध दिया। ग्रामीण युवक नागपुरी गीतों पर थिरकते नजर आए। वहीं इस अवसर पर आसपास के कई गांवों से महिलाएं आकर्षक टुसू के साथ नाचते-गाते मेला स्थल तक पहुंची। जहां मेला समिति की ओर से बेहतरीन टुसू लानेवाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मेले में हजारों की संख्या में लोग शामिल रहे। 

बताया जाता है मेला के दूसरे दिन रविवार को किसान सम्मान, प्रदर्शनी के साथ-साथ  सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमे बतौर मुख्य अथिति आजसू प्रमुख सह सिल्ली विधायक सुदेश कुमार महतो, विशिष्ट अथिति गोमिया विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, रामगढ़ विधायक सुनीता चौधरी एवं सभी आमंत्रित अथिति मौजूद होंगें।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के संयोजक रचिया महतो, संरक्षक सह मुखिया सीताराम मुंडा, अध्यक्ष अक्षय महतो, सचिव विशाल शर्मा, कोषाध्यक्ष महेंद्र महतो, प्रेम कुमार महतो, गोपाल, प्रभात, दीपक, सेवकी, फनेश्वर महतो सहित कई लोग योगदान दे रहे हैं।

By Admin

error: Content is protected !!