भाजपा विधायक दल के नेता ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
रांंची: भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जानेवाले लोग “झारखंड झुकेगा नहीं” की बात कहकर झारखंडियों को ही बदनाम कर रहे हैं। चोरी करके जेल जानेवाले, ये कौन होते हैं झारखंड के साथ अपना नाम जोड़नेवाले। इन्हें राज्य के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। झारखंड बिरसा मुंडा, सिद्दो-कान्हू, फूलो-झानों, वीर बुधु भगत जैसे शहीदों के लिए जाना जाता है। झारखंड स्वाभिमानी और बलिदानी वीर शहीदों का है, चोरों और भ्रष्टाचारियों का नहीं है। यह बातें गुरुवार को भाजपा विधायक दल के नेता अमर बाउरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कही।
राज्य के गठबंधन की सरकार से लोगों का मोह भंग
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि झामुमो-कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन की सरकार से लोगों का मोहभंग हो गया है। ये सरकार झारखंड को सिर्फ लूटने में लगी है। झारखंडी व्यक्ति जो राज्य हित की बात करता है वह ऐसे गठबंधन का हिस्सा रहना पसंद नहीं करेगा। यही वजह है कि नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में देश के विकास ने जो आज गति पकड़ी है और विकसित भारत की संकल्प यात्रा से जुड़ने के लिए सभी ललायित है। कई लोगों ने भाजपा ज्वाइन किया है और कई लोग अभी कतार में भी हैं। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी में हम सभी का स्वागत करते हैं।
किसान आंदोलन के नाम पर अराजकता फैलाने की कोशिश
देश के बाहर की शक्तियां अराजकता फैलाना चाहती हैं। विदेशी जॉर्ज सोरस का मेन मुखौटा यहां राहुल गांधी है। किसान आंदोलन में खालिस्तानी झंडे और भिंडरावाले की तस्वीर देखी जा रही है। इसमें कांग्रेस और बाकी दलों के भी झंडे लगे हैं। यह किसान आंदोलन नहीं है बल्कि राजनैतिक आंदोलन है जो 2024 के चुनाव को देखते हुए किसान आंदोलन का नाम देकर किसानों को बदनाम करने और अराजकता फैलाने की कोशिश करने का काम किया जा रहा है।
संदेशखाली की घटनाओं का विरोध करे विपक्ष
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिला अत्याचार चरम पर अमर कुमार बाउरी ने पश्चिम बंगाल में बढ़ते महिला उत्पीड़न पर कहा कि बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिलाओं पर अत्याचार चरम पर है। राजनैतिक संरक्षण में महिलाओं की आबरू लूटी जा रही है। संदेशखाली की घटना जिस प्रकार से सामने आई है वह हैरान कर रही है। टीएमसी के गुंडे सत्ता के संरक्षण में महिलाओं पर अत्याचार कर रहे हैं। इडी अधिकारियों पर हमले का आरोपी टीएमसी का शाहजहां अबतक फरार है। भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई है। इसपर सभी को आवाज उठाना चाहिए। नारी सुरक्षा और सामाजिक न्याय की बात कहनेवाली झामुमो-कांग्रेस और आरजेडी गठबंधन को भी सामने आकर इसका विरोध और निंदा करनी चाहिए।