अनगड़ा (रांची): अनगड़ा प्रखंड के राजाडेरा पंचायत के शासनबेड़ा में नवनिर्मित श्री श्री 1008 हनुमान मंदिर में बुधवार से तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ प्रारंभ हुआ। अवसर पर मंदिर प्रांगण से 555 कलशों की भव्य यात्रा निकाली गई। जिसमें शामिल महिलाएं और युवतियां चमघाटी पहुंचीं । जहां राढू नदी तट पर गंगा पूजन कर कलश में जल भरा गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र जय श्री राम के जयकारों से गूंजायमान रहा। कलशयात्रा पुनः यज्ञ स्थल पहुंच संपन्न हुई।
वहीं इससे पूर्व मंदिर का उद्घाटन भाजपा नेता जैलेन्द्र कुमार, जिप सदस्य राजेन्द्र शाही मुंडा, मुखिया सीमा देवी, पूर्व मुखिया मोतीराम मुंडा, पंसस जानकी देवी व वनमाली महतो ने संयुक्त रूप से गणेश वंदना कर फीता काटकर किया।
यज्ञ के आयोजन में अध्यक्ष दुर्गा महतो, जगन्नाथ महतो, मुनेश्वर महतो, मुनेश्वर सिंह, महावीर महतो, दूति महतो, मनीराम महतो, लालचंद बेदिया, राजेश महतो, आरती देवी, अनिता देवी, प्रतिमा देवी, सुमन देवी, प्रकाश महतो, संजय महतो, रवि महतो सहित अन्य सराहनीय योगदान दे रहे हैं।
