रांची लोकसभा प्रत्याशी ने किया जनसंपर्क, कहा वन भूमि पर अतिक्रमण रोकेंगे, जाम से मिलेगी मुक्ति, एचईसी के पुराने दिन लौटाएंगे…
रांची। भारतीय जनतंत्र मोर्चा के रांची लोकसभा के प्रत्याशी धर्मेंद्र तिवारी ने रविवार को सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान वे लोगों से रूबरू हुए और विकास के लिए अपने पक्ष में मतदान की अपील की। वहीं धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने रोड शो में यहां के जमीनी मुद्दों की चर्चा नहीं की। संभवतः उन्हें यहां के नेताओं द्वारा बुनियादी समस्याओं की जानकारी ही नहीं दी गई। धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि राजधानी के रूप में रांची आज भी कराह रही है। यहां आधारभूत संरचना का घोर अभाव है। सड़क पर जाम की समस्या से लोग अक्सर जूझते हैं। हरमू नदी दूषित है जिससे हमेशा दुर्गन्ध आता है। एचईसी का हाल बेहाल है। लोगों को ससमय वेतन नहीं मिल रहा है। हजारों परिवार की जिंदगी अधर में लटकी हुई है। जनता इन मुद्दों पर बात सुनना चाह रही थी, जबकि गृहमंत्री सिर्फ लफ्फाजी कर चले गए।
प्रत्याशी धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि झारखंड में वन भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है। वन संपदा का दोहन कर लोग अवैध कमाई कर रहे हैं। कहा कि जनता ने मौका दिया तो वन संरक्षण की दिशा में बड़े प्रयास किए जाएंगे। रांची लोकसभा क्षेत्र की सभी बुनियादी समस्याओं का तत्परता से समाधान किया जाएगा।
