रामगढ़: नगर परिषद के वार्ड संख्या 19 के मतदान केंद्र उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेहल में रविवार की शाम शौचालय में सांप पाए जाने से अफरातफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार 20 मई यानी कल मतदान केंद्र में तीन बूथ 420, 421 और 422 पर मतदान होना है। मतदान कार्य संचालन के लिए रविवार को डिस्पैच सेंटर से पोलिंग टीम दोपहर बाद तीन बजे मतदान केंद्र पहुंची थी।

शाम में पोलिंग टीम की सदस्य  मतदान कर्मी डॉ. विज्ञा पाठक केंद्र के शौचालय में गई। जहां उन्होंने बड़ा और धब्बेदार सांप देखा। भयभीत डॉ. विज्ञा पाठक किसी तरह शौचालय से बाहर निकली और सहकर्मियों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

मामले की सूचंना विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को दी गई। इस दौरान स्थानीय लोग भी जुट गए। सुरक्षा के मद्देनजर एक स्थानीय व्यक्ति ने सांप को मार दिया और बाहर ले गया। वहीं केंद्र का अच्छी तरह से अवलोकन करने के बाद सुरक्षित और सामान्य पाया गया। जिसके बाद कर्मियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों के अनुसार सांप जहरीला था। बारिश होने पर क्षेत्र में प्रायः सांप निकलते रहते हैं।

By Admin

error: Content is protected !!