• आक्रोशित लोगों ने सड़क जामकर काटा बवाल 

• नो एंट्री में वाहनों की एंट्री होने पर उठे सवाल 

हजारीबाग:  कटकमदाग थाना क्षेत्र के हजारीबाग-बड़कागांव रोड पर सोमवार को एक हाइवा ने स्कूटी सवार मां और बच्चे को रौंद दिया। जिससे बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल महिला ने शेख भिखारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने नो एंट्री का पालन नहीं होने का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार डीपीएस स्कूल, शंकरपुर में छुट्टी होने पर चौथीं कक्षा के छात्र अमन कुमार को लेकर उसकी मां लीलावती देवी स्कूटी पर अपने घर सिरसी, छविनगर लौट रही थी। इस क्रम में उद्यान विभाग कार्यालय के पास लोहा लदे हाइवा ने स्कूटी को चपेट में लेते हुए बुरी तरह से रौंद दिया। जिससे अमन की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल मां को शेखर भिखारी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि बच्चे के पिता नंदकिशोर साव झारखंड पुलिस में जवान है और वर्तमान में कोडरमा में पदस्थापित हैं।

इधर, घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नो एंट्री का पालन नहीं कराए जाने और रिंग रोड का निर्माण जल्द कराने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। वहीं आक्रोशित लोगों ने हाइवा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों ने बताया कि आसपास तीन बड़े स्कूल हैं। जहां हजारों बच्चे पढ़ते हैं। यहां नो एंट्री होने के बावजूद बड़े और मालवाहक वाहनों का आवागमन होता रहता है।

वहीं मामले की जानकारी पर पहुंचे सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने लोगों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नो एंट्री के बावजूद बड़े वाहन कैसे प्रवेश कर रहे हैं यह बड़ा सवाल है। घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। पुलिस-प्रशासन से बात कर नो एंट्री का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर हर संभव प्रयास किया जाएगा।

By Admin

error: Content is protected !!