जनता से किए वादे पूरे करे राज्य सरकार, नहीं तो सड़क से सदन तक करेंगे आंदोलन : रघुवर दास

रांची: राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में पुनः भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। अवसर पर रघुवर दास को अंगवस्त्र और फूल माला से स्वागत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुके देकर उन्हें सदस्यता ग्रहण करने पर बधाई दी। समारोह में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्रनाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, महामंत्री आदित्य साहू, मनोज सिंह सिंह कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

अवसर पर प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में रघुवर दास ने कहा कि यह बहुत सुखद दिन है कि 1980 के बाद पुनः मैंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली है। 23 अक्टूबर 2023 को राज्यपाल बनाए जाने की घोषणा पर मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष को त्याग पत्र देना पड़ा। वह क्षण बेदह भावुक करनेवाला था। अनुशासन हमारी पार्टी की पहचान है और मैं अनुशासित कार्यकर्ता हूं। 1980 के बाद पार्टी ने बूथ स्तर से लेकर आगे जो भी जिम्मेदारी दी, मैंने उसे निभाने का काम किया। पिछले 14 महिने महाप्रभु जगन्नाथ की धरती ने सेवा करने के लिए बुलाया था।

उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य जनता की सेवा करना और जनता के अधिकार के लिए संघर्ष करना है। मेरी कोई महत्वाकांक्षा नहीं है, पार्टी ने मुझे सब कुछ दिया है। कहा कि आज झारखंड की अस्मिता, संस्कृति और परंपरा पर चौतरफा हमला हो रहा है। घुसपैठिए और धर्मांतरण कराने वाले लोग राज्य और विधि-व्यवस्था के लिए खतरा हैं। राज्य में हमारी डबल इंजन की सरकार के दौरान झारखंड पहला राज्य था जिसने पिपुल्स फंट ऑफ इंडिया को बैन किया था। आज संथाल परगना में फिर से इसकी गतिविधियां बढ़ गई है। वोट बैंक की राजनीति में सत्ताधारी दल उन्हें समर्थन दे रहे हैं।

रघुवर दास ने कहा कि झारखंड की जनता ने जो जनादेश गठबंधन की सरकार को दिया है उसका हम सम्मान करते हैं। विपक्ष के रूप में हमारी भूमिका भी रहेगी। राज्य सरकार जनता से किए सभी वादों को पूरा करें। छह माह के बाद जनता से किए वादे पूरे नहीं करने पर हमलोग सड़क से सदन तक आंदोलन करेंगे।

By Admin

error: Content is protected !!