रामगढ़: नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती रेलवे स्टीम कॉलोनी स्थित आरपीएफ कार्यालय के समक्ष धूमधाम से मनाई गयी। कार्यक्रम में सर्वप्रथम संयोजक आरके मंडल ने मुख्य अतिथि स्टेशन प्रबंधक एसके सांगा को बुके देकर स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने नेताजी के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अवसर पर रेल श्रमिक विद्यालय और अनोखा बचपन स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस दौरान बच्चों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जीवनी पर प्रकाश डाला, नृत्य प्रस्तुत किया एवं बच्चों का क्विज प्रतियोगिता भी संपन्न हुआ। बाद में उपस्थित लोगों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जीवनी पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में संयोजक आर के मंडल ने अपने भाषण में स्वतंत्रता संग्राम में नेताजी की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन हमें अनुशासन, निडरता और देश प्रेम की प्रेरणा देता है। वहीं एसके सांगा ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस के आदर्श और सिद्धांतों को आत्मसात करके ही जीवन की कठिनाइयों पर विजय प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अनोखा बचपन स्कूल के प्राचार्य राजेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, कृष्ण यादव का सहयोग रहा। मौके पर मुकेश कुमार, उमेश यादव, राम कुमार, कृष्णा राम, सुरेश गुप्ता, ललन ठाकुर, विवेक कुमार, रामू टेलर, सुबोध कुमार,रंजय यादव, प्रभात कुमार, सीमांत कुमार, रंजीत चावला सहित अन्य उपस्थित थे।