रांची: लातेहार पुलिस और माओवादी उग्रवादी संगठन के बीच रविवार की रात हुई मुठभेड़ में एक उग्रवादी मारा गया है। जबकि एक अन्य गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ में मारा गया उग्रवादी सब जोनल कमांडर मनीष यादव पांच लाख का इनामी था। वहीं गिरफ्तार कुंदन उर्फ सुधीर सिंह पर 10 लाख का इनाम है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो अत्याधुनिक X-95 ऑटोमैटिक रायफल, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना अंतर्गत नीचे दौना के जंगली क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों की गुप्त सूचना पर लातेहार पुलिस और एसएसबी 32 बटालियन के जवानों ने सर्च अभियान चलाया। इस क्रम में उग्रवादियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें उग्रवादी मनीष यादव मारा गया।
आईजी सुनील भास्कर ने प्रेस कांफ्रेंस में अभियान की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने उग्रवादियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि उग्रवादी झारखंड सरकार की पॉलिसी नई दिशा के तहत आत्मसमर्पण कर समाज से जुड़ें। सरकारी प्रावधानों का उपयोग करें और पारिवारिक जीवन का आनंद लें, अन्यथा पुलिस कार्रवाई जारी रखेगी।
वहीं डीआईजी पलामू रेंज वाई. एस. रमेश ने बताया कि मृत उग्रवादी मनीष पर 40 और गिरफ्तार उग्रवादी कुंदन खेरवार उर्फ सुधीर सिंह पर 27 कांड दर्ज है। दोनों पर झारखंड के गढ़वा और लातेहार सहित छत्तीसगढ़ राज्य में भी मामले दर्ज हैं। बरवाडीह में पुलिस कर्मियों पर हुए हमले में इन दोनों की अहम भूमिका थी। जिसमें 10 पुलिस कर्मी शहीद हुए थे और तकरीबन 15 घायल हुए थे। इसके अलावे कई बड़ी घटनाओं में दोनों की प्रमुख भूमिका थी।