हजारीबाग: केरेडारी थाना क्षेत्र में गेरूआ नदी के निकट बुधवार की सुबह युवक का शव पाया गया। युवक की गोली मार कर हत्या की गई है। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार केरेडारी-बुंडू मार्ग पर गेरूआ नदी के निकट बुधवार की सुबह स्थानीय लोगों ने शव देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। मृतक की पहचान अनीस अंसारी के रूप में हुई। जो प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी का जोनल कमांडर बताया जाता है। उसके सीने पर गोली मारी गई है। आशंका जताई जा रही है कि संगठन में हुए आपसी विवाद में हत्या की गई है। हालांकि पुलिस हर पहलू की जांच पड़ताल करते हुए अनुसंधान में जुट गई है।