लातेहार: पुलिस ने कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के चार अपराधियों को चिरो मोड़ से गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने दो देशी पिस्टल, छह जिंदा गोली, चार मोबाइल, दो बाइक और 15000 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में लोहरदगा निवासी मो. शाहिद अंसारी, शमशाद अंसारी, मो. मोजम्मिल अंसारी, गुमला निवासी नितेश उरांव, लातेहार निवासी तरूण यादव और मनोज तुरी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक लातेहार कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधकर्मी राहुल सिंह गिरोह के अपराधी हथियार के साथ चिरो मोड़ स्थित यात्री शेड के पास बैठे हैं और आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लातेहार अरविंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस क्रम में अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सरगना राहुल सिंह के कहने पर बीते 10 जून को इन अपराधियों ने रंगदारी के लिए टोरी साईडिंग पर गोलीबारी की थी। रंगदारी नहीं मिलने पर अपराधी पुनः टोरी साइडिंग पर गोलीबारी करने के लिए जुटे थे। बताया जाता है कि गिरफ्तार अपराधी मनोज तुरी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसपर बालूमाथ और चंदवा थाना में आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लातेहार अरविंद कुमार, चंदवा थाना प्रभारी रणधीर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सरोज कुमार सिंह, उपेंद्र कुमार सदलबल शामिल थे।