ट्रांसजेंडर्स को मुख्यधारा में जोड़ने का होगा प्रयास : डीसी
रामगढ़: ट्रांसजेंडर समूह को मुख्य धारा से जोड़ने और सम्मानित जीवन जीने के लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयास करेगी। यह बात उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित ट्रांसजेंडर सम्मान समारोह के दौरान कही।
समारोह में ट्रांसजेंडर समूह के लोगों को समाज के मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय सभा कक्ष में सम्मान समारोह सह ट्रांसजेंडर कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें ट्रांसजेंडर समूह के लोगों को शॉल ओढ़ाकर और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 18 ट्रांसजेंडरों को पहचान पत्र उपलब्ध कराया गया। इस दौरान उपायुक्त ने उपस्थित ट्रांसजेंडर समूह के साथ कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गयी। साथ ही उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली।
वहीं उपायुक्त ने ट्रांसजेंडर समूह को मुख्य धारा से जोड़ने को लेकर समाहरणालय अंतर्गत विभिन्न विभागों में दैनिक मजदूरी दर पर ट्रांसजेंडर समूह के लोगों को रोजगार देने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा उपायुक्त उन्होंने समाहरणालय और बस स्टैंड रामगढ़ में ट्रांसजेंडर शौचालय निर्माण करने का निर्देश दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।