लातेहार: चंदवा थाना क्षेत्र के ब्रह्मणी में पुलिस ने अभियान चलाकर लग्जरी कार पर गांजा तस्करी करते पांच लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने दो इनोवा और दो अर्टिगा कार जब्त किया है। एक इनोवा से तीन बोरी में 90 किलोग्राम और एक अर्टिगा से दो बोरी में 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में यूपी के रहनेवाले अभिराज सिंह (23 वर्ष) पिता स्व. भीमराज सिंह, निवासी दुसौती थाना महाराजगंज जिला रायबरेली, आर्यण सिंह (20 वर्ष) पिता दयाशंकर सिंह निवासी दुसौती थाना महाराजगंज जिला रायबरेली, निशात उपाध्याय (20 वर्ष) पिता विजय प्रकाश उपाध्याय निवासी हाथियागढ़, थानापुरानी बस्ती, जिला बस्ती, प्रमोद कुमार (21 वर्ष),पिता बृजकिशोर, निवासी लखनौरा थाना पुरानी बस्ती जिला बस्ती, प्रदीप कुमार गौतम (23 वर्ष) पिता स्व. दुखी राम निवासी गणेशपुर, थाना चिनहट जिला- लखनऊ शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची से पलामू की ओर जाती लग्जरी कारों पार गांजा की तस्करी की जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लातेहार अरविन्द कुमार के नेतृत्व में ब्रह्मणी में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस क्रम में एक साथ चल रही दो इनोवा और दो अर्टिगा कार रोक तलाशी ली गई। इनोवा कार (OD02ABD 4786) पर तीन बोरी में तकरीबन 90 किलोग्राम गांजा और अर्टिगा कार (UP32QT 2705) पर लदे 2 बोरी तकरीबन 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।