लातेहार: पुलिस ने बारियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत मनातू स्टेशन के निकट जंगल में छापेमारी अभियान चलाकर छह अपराधियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया है। जिनकी संलिप्तता बीते 02 अगस्त को भाटचतरा में KEC Ltd में फायरिंग और मजदूरों से छिनतई में पायी गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में रुपेश कुमार (19 वर्ष) पिता बुधन गंझू, सुरेन्द्र कुमार (19 वर्ष) पिता सरोज गंझू, बिनोद कुमार गंझू (19 वर्ष) पिता स्व. रामदयाल गंझू, बादल गंझू (19 वर्ष) पिता जागेवर गंझू, सुनील कुमार यादव (20 वर्ष) पिता नागेश्वर यादव और राजगीर गंझू (30 वर्ष) पिता धियानी गंझू शामिल हैं। सभी चतरा जिला के रहनेवाले हैं।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मनातू स्टेशन के निकट जंगल में अपराधी एकत्रित होकर अपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बालूमाथ के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने अभियान चलाकर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से एक लोडेड पिस्टल, मैगजीन में पांच गोली, एक देशी कट्टा, चार मोबाइल फोन (जिसमें तीन छिनतई के) और लेवी के 28500 रुपये बरामद हुए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी संगठित गिरोह बनाकर लेवी के लिए घटनाओं को अंजाम देते हैं। अपने स्वीकारोक्ति बयान में अभियुक्तों ने बताया है कि आदेश गंझू के कहने पर वे घटनाओं को अंजाम देते हैं। बीते 2 अगस्त को भाटचतरा में केईसी कंपनी पर फायरिंग और मजदूरों से मोबाइल छिनतई की घटना में संलिप्तता रही है। इसके अलावे भी उन्होंने लेवी के लिए अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है।
छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बालूमाथ विनोद कुमार रवानी, पुलिस निरीक्षक बालूमाथ अंचल परमानंद बिरुआ सदलबल शामिल थे।