पूर्व विधायक और उनके परिवार के कारनामें साक्ष्य के साथ जल्द रखेंगे सामने : रोशन लाल चौधरी

रामगढ़: पूर्व विधायक अंबा प्रसाद आधारहीन आरोप लगा रही हैं। यह उनकी नाकारात्मक राजनीति को दर्शाता है। इससे बचना चाहिए और किसी प्रकार का आरोप लगाने से पहले जांच पड़ताल कर लेनी चाहिए। पूर्व विधायक अंबा प्रसाद पहले अपने आरोपों की जांच कर लें, इसमें जो भी सहयोग चाहिए होगा वह जरूर किया जाएगा। यह बातें बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने शनिवार को पतरातू के लेक रिसोर्ट में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कही। 

विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि अंबा प्रसाद का पहला आरोप है कि पीटीपीएस में मेरे आवासीय कार्यालय में एनटीपीसी से पैसा लेकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जबकि यह पीटीपीएस शेष परिसंपत्ति द्वारा आवंटित सरकारी क्वार्टर है और बीते 10 वर्षों से उसका किराया और बिजली बिल समय पर जमा करता रहा हूं। चुनाव में नामांकन करते समय हर बार क्वार्टर के बिल भुगतान के संबंध में एनओसी जमा भी किया जाता है।‌‌ विधायक बनने के बाद यहां क्षेत्र के सैकड़ों लोगों का रोजाना आना-जाना लगा रहता है। जिसमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल रहती हैं। महिलाओं को शौच के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। यह देखते हुए हमने कंपनी से एक शौचालय की व्यवस्था करने की बात कही। जिसपर बकायदा निविदा के माध्यम से शौचालय का काम हो रहा है। वहीं पास में ही पूर्व विधायक  ने एक आवास कब्जा रखा है। कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद किराए का भुगतान नहीं किया जा रहा है। 

विधायक रोशन लाल चौधरी ने आगे कहा कि अंबा प्रसाद दूसरा आरोप यह लगा रही है कि एनटीपीसी के पैसे से अस्पताल में मेरा इलाज हुआ है। जबकि मैंने इलाज के लिए सरकारी पैसा तक नहीं लिया। इलाज पूरी तरह से टाटा एआईजी कंपनी के हेल्थ इंश्योरेंस से हुआ है और इसके साक्ष्य के रूप में बिल उपलब्ध है। अंबा प्रसाद चाहें तो दिल्ली जाकर अस्पताल में जांच कर लें। आने-जाने में जो सहयोग चाहिए होगा, वह किया जाएगा।

रोशन लाल चौधरी ने आगे कहा कि पूर्व विधायक अंबा प्रसाद गुमान में आज भी खुद को विधायक ही समझ रही हैं। जबकि लोकतंत्र में हार-जीत लगी रहती है और सच्चाई स्वीकार करते हुए जन भावना का सम्मान करना चाहिए। विधायक ने आगे कहा कि तीन बार विधानसभा चुनाव हारने के बावजूद मैंने राजनीतिक सुचिता बनाए रखी और नाकारात्मक राजनीति को कभी भी उचित नहीं समझा। हारने के बाद भी हमेशा जनता के बीच रहा। उनके सुख-दुख में साथ रहा और जन आंदोलनों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि मैं साफ राजनीति में विश्वास करता हूं, बड़कागांव की जनता ने जिस विश्वास के साथ जिम्मेदारी सौंपी है उसका इमानदारी से निर्वहन कर रहा हूं। कहा कि, बीते एक वर्ष के कार्यकाल में मैंने जितनी प्रमुखता और दृढ़ता से क्षेत्र के रैयत-विस्थापितों की समस्यायों को सदन के पटल पर रखा है, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, उनकी मां और उनके पिता ने अपने 15 वर्षों के कार्यकाल में नहीं रखा।

 

प्रेस कांफ्रेंस में विधायक रोशन चौधरी ने विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की छायाप्रति और ईडी की एक प्रेस विज्ञप्ति लहराते हुए कहा कि पूर्व विधायक अंबा प्रसाद और उनके परिवार के कारनामे जगजाहिर हैं। क्षेत्र में आज भी चल रहे बालू और कोयले के कारोबार में पूर्व विधायक और उनके परिवार के लोगों की बड़ी भागीदारी है। पतरातू में कई जगह रंगदारी कर आम लोगों की जमीनें हड़पी गई हैं और लोगों को झूठे केस मुकदमे में उलझाया है। बड़कागांव में भी स्वजातीय लोगों के साथ भी इन्होंने धोखेबाजी की‌ है। बड़कागांव में अवैध जमीन पर समाधान भवन के नाम पर बनी इनकी बिल्डिंग जांच के घेरे में है। ईडी ने जांच में बिल्डिंग के उपर बालू का यार्ड पाया है। ईडी ने पूर्व विधायक और उनके परिवार के कई बैंक खातों को फ्रीज कर रखा है‌। ईडी के पास पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं तभी प्रेस रिलीज जारी की गई है। विधायक ने कहा कि जल्द ही इनकी कई अन्य कारगुजारियों को पुख्ता साक्ष्य के साथ सामने लाएंगे। 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!