बासल थाना क्षेत्र के लेम गांव की घटना
रामगढ़: बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत लेम गांव के महली टोला में शुक्रवार को एक महिला ने कुल्हाड़ी से वार कर अपने शराबी पति की हत्या कर दी। मामले की सूचना पर पहुंची बासल थाना पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अशोक उरांव (28 वर्ष) पिता स्व. महावीर उरांव सुबह तकरीबन नौ बजे बाहर से शराब के नशे में धुत होकर घर आया। इस दौरान घरेलू काम में लगी पत्नी किरण देवी से झगड़ा करने लगा। इस बीच उसने घर में पड़ी हथौड़ी से किरण पर वार करने का प्रयास किया। किरण ने बचाव करते हुए हथौड़ी छीनकर अलग रख दिया। इसपर भी अशोक शांत नहीं हुआ और घर में रखी कुल्हाड़ी लेकर किरण को मारने बढ़ा। इस दरम्यान किरण ने किसी तरह कुल्हाड़ी छीन अशोक पर ही वार कर दिया। कुल्हाड़ी से अशोक के सिर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी बासल पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी कैलाश कुमार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच-पड़ताल करते हुए शव को कब्जे में ले लिया। वहीं घटनास्थल पर पड़ी कुल्हाड़ी जब्त करते हुए आरोपित किरण देवी को गिरफ्तार कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया गया है। वहीं प्राथमिकी दर्ज कर किरण देवी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।
बताते चलें कि किरण और अशोक की दो बेटियां और एक बेटा है। बेटियां क्रमश: पांच वर्ष और तीन वर्ष की हैं। जबकि बेटा डेढ़ वर्ष का बताया जाता है। घटना से ग्रामीण स्तब्ध और काफी मर्माहत हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अशोक उरांव शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी किरण देवी के साथ झगड़ा और मारपीट करता था।
