जनता के वोट से बनी सरकारें जन सवालों पर ही गंभीर नहीं : राजेश यादव
गिरिडीह: आजादी के 78 और झारखंड निर्माण के 25 साल बीतने पर भी बार-बार जनता के वोट से बनी विभिन्न सरकारों का जन सवालों के प्रति रुख सही नहीं है। जनता के बड़े और ज्वलंत सवाल अब भी पड़े हुए हैं। ऐसे में आम जनता को समाजवादी व्यवस्था निर्माण के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना ही होगा, क्योंकि यही एकमात्र विकल्प है। यह बातें पूर्व जिप सदस्य सह फारवर्ड ब्लाक के जिला संयोजक राजेश यादव ने 16 जनवरी बेंगाबाद में महेंद्र सिंह शहादत संकल्प दिवस पर होने वाले पार्टी कार्यक्रम की सफलता को लेकर जारी जनसंपर्क अभियान के दौरान बुढ़ियाटांड़, दुर्गापुर आदि गांवों में कही।
इस दौरान जनसंपर्क में शामिल लोगों ने भी अपने स्थानीय सवालों के मद्देनजर प्रशासन, सरकार तथा उनसे जुड़े प्रतिनिधियों को आड़े हाथों लिया। लोग प्रखंड, अंचल, थाना से जुड़े सवालों से परेशान दिखे। बताया कि ग्रामीण स्तर पर रोजगार का अभाव प्रमुख समस्या है। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी जरूरी सुविधाओं का भी बुरा हाल है।
जनसंपर्क के क्रम में राजेश यादव ने कहा कि, आज दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती पर भी उन्हें याद करते हुए उनके सपनों का ‘शोषण मुक्त झारखंड’ बनाने का संकल्प लेने की जरूरत है। उन्होंने आगामी 16 जनवरी महेंद्र सिंह शहादत संकल्प दिवस पर लोगों से बेंगाबाद पहुंचने की अपील के साथ ही ऐलान किया कि, जनता के मौजूदा ज्वलंत जनसवालों पर आधारित 17 सूत्री मांगों के साथ उनकी पार्टी आंदोलन शुरू कर रही है। जिसमें क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर साथ दें।
मौके पर पार्टी नेता मनोज कुमार यादव, रामलाल मंडल, शंभू ठाकुर, पंकज वर्मा, महेंद्र रवानी सहित सत्येंद्र देव, कुमार सिंह, धनेश्वर मंडल, गणेश राम, गणेश वर्मा, गुरुदयाल राय, रामू कोल, बासो कोल, झालो कोल, कलीम अंसारी, सोमर महतो एवं अन्य मौजूद थे।
