गिरिडीह: पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत हरलाडीह ओपी क्षेत्र के एक गांव में बीते 25 जनवरी की रात दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। मामले में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबालिग किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
इस संबंध में गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बीते 25 जनवरी को जतरा मेला से घर लौटती दो नाबालिग लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसपर खुखरा (हरलाडीह) थाना में कांड संख्या 02/26 दिनांक 26/01/2026 धारा 70(2)/3(5) बीएनएस एवं 6/10 पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
कांड के त्वरित उद्भेदन के लिए डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान घटनास्थल पर श्वान दस्ता, विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) रांची की टीम तथा तकनीकी शाखा को लगाया गया। एसआईटी द्वारा मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार अभियुक्त राजेश मुर्मू (26 वर्ष), रविलाल टुडू (23 वर्ष), संजय टुडू (21 वर्ष) और सोहन टुडू (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। सभी अभियुक्त अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। वहीं एक फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, जिसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिए जाने का दावा किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एसआईटी में डुमरी एसडीपीओ के अलावा विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी, महिला पुलिस अधिकारी तथा तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।
