व्यवस्था का लिया जायजा, कैदियों से ली सुविधाओं की जानकारी
लातेहार: सुप्रीम कोर्ट और झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर लातेहार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष शेष नाथ सिंह, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता सहित बोर्ड ऑफ विजिर्टस ने लातेहार जेल का निरीक्षण किया। इस क्रम में बोर्ड ऑफ विजिर्टस ने बंदियों से यह जाना कि उनके साथ किसी तरह का जातिगत भेदभाव तो नहीं किया जाता है। इस पर बंदियों ने बताया कि उनके साथ कोई भेदभाव नहीं होता है। इसके साथ ही बोर्ड ऑफ विजिर्टस ने जेल के प्रत्येक बैरक में पहुंचकर बंदियों से उनके स्वास्थ्य, ईलाज, पेयजल, भोजन और मुकदने में पैरवी के लिए अधिवक्ता होने या न होने की जानकारी ली।
इस दौरान प्रधान न्यायाधीश ने पढ़ाई करने के इच्छुक बंदियों को समुचित्त शिक्षा की व्यवस्था कराने की भी बात कही। जेल में स्कैनर का समुचित प्रयोग करने, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बंदियों को न्यायालय में पेश करने का निर्देश दिया। न्यायाधीश शेषनाथ सिंह ने जेल प्रशासन को जेल मैनुअल के तहत मिलने वाली सारी सुविधाएं बंदियों को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं की जानी चाहिए।
