बड़कागांव (हजारीबाग): बड़कागांव थाना अंतर्गत बादम पंचायत के बाबूपारा गांव में घर में घुसकर वृद्ध दंपती की हत्या दी गई। पति का शव घर में फर्श पर और पत्नी का शव बिस्तर पर पाया गया। दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों काफी मर्माहत हैं। पुलिस हत्याकांड की जांच पड़ताल में लगी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात बाबूपारा निवासी वकील दास (82 वर्ष) और उनकी पत्नी झुनिया देवी (72 वर्ष) की बेरहमी हत्या कर दी गई। पति-पत्नी घर में अकेले थे। सुबह घर में उनका शव मिलने पर परिजन और स्थानीय ग्रामीण जुट गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता, एसआई अमित कुमार सहित अन्य पुलिस सशस्त्र बल के जवान घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई। घटनास्थल की गहन जांच पड़ताल की गई। पुलिस ने घटनास्थल से टांगी, चिलोही (पहसुल) सहित कई साक्ष्य बरामद किए हैं। डॉग स्क्वायड टीम को हत्यारों के संबंध में संकेत भी मिले हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है कि घर में चोरी के दौरान चोरों ने दंपती की हत्या की गई है। बताया जाता है कि झुनिया देवी महिला मंडल का बक्सा रखती थी। जिसका ताला टूटा हुआ पाया गया है साथ ही घर से उनके गहने भी गायब है। बताया जाता है कि दंपति के चार पुत्र और एक पुत्री है। सभी शादी-शुदा हैं। बड़ा पुत्र मुंशी रविदास सीसीएल कर्मी है। जबकि मंझला बंशीधर और संझला पुत्र अशोक राजमिस्त्री का काम करते हैं। जबकि छोटा पुत्र रामविलास दास गोंदलपुरा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हैं। दंपती अपने छोटे पुत्र के मकान में अकेले रहते थे।
वहीं हत्या की जानकारी पर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद घटनास्थल पर पहुंची। जहां उन्होंने झारखंड के डीजीपी तदाशा मिश्रा से मोबाइल पर घटना की जानकारी देते हुए हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने 26 दिसंबर 2025 को 7 घरों में चोरी और गोंलपुरा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य मोहन महतो की हत्या का उद्भेदन कराने की मांग रखी।
