सप्ताह में तीन दिन होगा परिचालन
रामगढ़: यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर रांची रोड-टोरी-गढ़वा रूट पर एक जोड़ी नई ट्रेन का परिचालन आगामी 27 फरवरी से शुरू हो जाएगा। भोपाल-धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 11631 और 11632 सप्ताह में तीन दिन चलाई जाएगी। नई ट्रेनों में वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का एक, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के छह, शयनयान श्रेणी के सात और साधारण श्रेणी के चार कोच सहित कुल 22 एलएचबी कोच होंगे।
आगामी 27 फरवरी से भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 11631 का परिचालन भोपाल से प्रत्येक शुक्रवार, सोमवार और गुरुवार को किया जाएगा। वहीं आगामी एक मार्च से धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 11632 का परिचालन प्रत्येक बुधवार, शनिवार और रविवार को किया जाएगा।
गाड़ी सं. 11631 भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस भोपाल से रात 20.55 बजे खुलेगी। जो बीना-दमोह-कटनी मुरवाड़ा के रास्ते अगले दिन 08.45 बजे सिंगरौली, 10.20 बजे चोपन, 11.20 बजे रेणुकूट 12.35 बजे गढ़वा, 13.20 बजे डालटनगंज, 14.52 बजे टोरी, 17.05 बजे रांची रोड सहित अन्य स्टेशनों पर रूकते हुए 20.20 बजे धनबाद पहुंचेगी ।
जबकि गाड़ी सं. 11632 धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस धनबाद से 07.20 बजे खुलेगी। जो 09.45 बजे रांची रोड, 11.20 बजे टोरी, 12.46 बजे डालटनगंज, 13.35 बजे गढ़वा, 15.08 बजे रेणुकूट, 16.05 बजे चोपन, 18.50 बजे सिंगरौली सहित अन्य स्टेशनों पर रूकते हुए अगले दिन 07.00 बजे भोपाल पहुंचेगी ।
