इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षा देकर लौट रही थी छात्रा 

बालूमाथ/लातेहार। बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित पुराने सीसीएल कार्यालय के निकट बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से छात्र की मौत हो गई। वह इंटरमीडिएट की प्रेक्टिकल परीक्षा देकर वापस घर लौट रही थी। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बालूमाथ थाना अंतर्गत बसिया गांव निवासी सुमन कुमारी (20 वर्ष) पिता रमेश उरांव हाई स्कूल से इंटर प्रैक्टिकल की परीक्षा देकर अपने भाई कुलदीप उरांव के साथ बाइक पर घर जा रही थी।

इस क्रम में सीसीएल की तेतरियाखांड़ परियोजना कार्यालय के समीप एक ट्रैक्टर (जेएच 08एच 9900) ने अनियंत्रित होकर बाइक को चपेट में ले लिया। जिसमें ट्रेक्टर के पहिए से दबकर छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में एम्बुलेंस की मदद से घायल छात्रा को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टर अशोक कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया ।

वहीं घटना की सूचना पाकर बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर के ड्राइवर दीपक यादव पिता विरेन्द्र यादव पंडरिया सीरम निवासी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही ट्रैक्टर को जब्त कर बालूमाथ थाना लाया गया। वही शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया गया।

इधर, घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने श मुआवजा और नौकरी की मांगों को लेकर मुरपा मोड़ चौक पर  रांची-चतरा एनएच-22 को शव के साथ जाम कर दिया। जाम की सूचना पर बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार दलबल के साथ पहुंचे। काफी देर चली गहमागहमी के बाद उचित पहल के आश्वासन पर जाम हटा लिया गया। 

By Admin

error: Content is protected !!