नीतीश भारती
लातेहार: जिले के महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत चटकपुर गांव के निवासी विपुल गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 103वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से पूरे लातेहार जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। विपुल ने यह उपलब्धि अपने तीसरे प्रयास में हासिल की है।
साधारण परिवेश से आने वाले विपुल गुप्ता शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा महुआडांड़ में ही हुई। विपुल का सपना था कि वह आईएएस अधिकारी बनकर समाज और देश के लिए बेहतर कार्य करें। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी। इससे पहले भी उन्होंने दो बार यूपीएससी की परीक्षा दी थी। पिछले वर्ष उन्हें सफलता तो मिली थी, लेकिन रैंक कम होने के कारण उन्हें आईएएस कैडर नहीं मिल पाया था।
गौरतलब हो कि पिछले साल विपुल गुप्ता ने भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा में ऑल इंडिया में दूसरा स्थान हासिल कर झारखंड का नाम रोशन किया था। बावजूद इसके उन्होंने अपने आईएएस बनने के लक्ष्य को नहीं छोड़ा और कड़ी मेहनत जारी रखी, जिसका परिणाम इस वर्ष उन्हें 103वीं रैंक के रूप में मिला।
विपुल की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर और गांव में खुशी का माहौल बन गया। पिता पवन कुमार गुप्ता, माता दीपा गुप्ता तथा दादा जयप्रकाश गुप्ता समेत पूरे परिवार ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। वहीं जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भी विपुल को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
