गिरिडीह: जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में बुधवार को जिले में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिसके तहत मुख्य सड़कों और महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर भारी वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे 1,80,000 जुर्माना भी वसूला गया।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने ट्रक, डंपर, ट्रेलर सहित अन्य भारी वाहनों के कागजात की जांच की। इस दौरान वाहन के पंजीकरण प्रमाण पत्र, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे पाए गए या जो निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे थे, उन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान कई वाहन चालक निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पाए गए, जबकि कुछ वाहनों में ओवरलोडिंग, फिटनेस प्रमाण पत्र की कमी तथा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव जैसी अनियमितताएं सामने आईं। ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जुर्माना वसूला गया तथा संबंधित चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
