रामगढ़: जिंदल स्टील प्लांट पतरातू में गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का समारोहपूर्वक समापन हुआ। अवसर पर मुख्य रूप से प्लांट प्रमुख कृष्ण वल्लभ सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 300 कर्मचारियों, उनके परिवार के सदस्यों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह की शुरुआत सेफ्टी ट्रायंगल बैलून उड़ाकर और दीप प्रज्जवलित कर किया गया। 

अवसर पर कर्मचारियों द्वारा तैयार किए गए सर्वश्रेष्ठ सेफ्टी पोस्टर, स्लोगन, निबंध एवं अन्य सुरक्षा संदेशों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। साथ ही सुरक्षित कार्य पद्धतियों के महत्व को रेखांकित करने के लिए विभिन्न सुरक्षा सामग्रियों एवं जागरूकता प्रदर्शनी भी लगाई गई।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सुरक्षा जागरूकता विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक रहा, जिसका मंचन सीएमडी क्रेन और बीआएएम मिल विभाग की टीमों द्वारा किया गया। इस नाटक के माध्यम से कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के पालन के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। सर्वश्रेष्ठ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करनेवाली टीमों को शील्ड और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा सेफ्टी क्विज, ऑनलाइन क्विज, सेफ्टी स्लोगन, पोस्टर, सेफ्टी सॉन्ग एवं ऑन-साइट क्विज जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं के कुल 146 विजेताओं को उपहार और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं सीएमडी विभाग को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ सेफ्टी इंडेक्स प्राप्त करने के लिए रोलिंग शील्ड प्रदान किया गया।

अवसर पर प्लांट हेड के. बी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी के लिए हर दिन सुरक्षा दिवस है। सुरक्षित कार्य पद्धतियों का पालन केवल नियम नहीं बल्कि हमारी संस्कृति होनी चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन  करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में फायर एंड सेफ्टी विभाग द्वारा सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई, जिसमें सुरक्षित एवं दुर्घटना-मुक्त कार्यस्थल बनाए रखने की सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई गई। समारोह का समापन सभी कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करने तथा प्रत्येक कार्य में उच्चतम सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के संकल्प के साथ किया गया।

By Admin

error: Content is protected !!