रामगढ़: सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र अंतर्गत सौंदा बस्ती-सौंदा ‘डी’ मुख्य सड़क के बीचोबीच दरार पड़ गई है। जो धीमी गति से बढ़ती भी जा रही है। इससे भविष्य में आवागमन की बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है। स्थानीय लोगों बताते हैं कि हाल के दिनों में सड़क के ठीक बीच में लंबी दरार देखने को मिल रही है। सड़क के तरफ की जमीन नीचे दबती प्रतीत हो रही है। दरार धीमी गति से ही सही लेकिन निरंतर बढ़ रही है। आसपास की जमीन भूमिगत आग की जद में हैं और सड़क पर भारी वाहनों का आवागमन भी काफी हो रहा है। इससे खतरे की संभावना बढ़ती जा रही है। समय रहते इस पर पहल नहीं की गई तो भविष्य में स्थिति भयावह हो सकती है।
इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि राकेश सिन्हा ने बताया कि यह सड़क भुरकुंडा से सौंदा डी, सौदा बस्ती होते रांची जानेवाली मुख्य सड़क है। इससे पूर्व भी कुछ दूरी पर सड़क धंसी थी। जिसे मिट्टी पत्थर से भरकर समतल किया गया था । इधर दूसरी जगह पर दरार पड़ गई है, जो कि बढ़ती जा रही है। सीसीएल प्रबंधन इसपर जल्द पहल कर सड़क को दुरुस्त करे। जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना और भविष्य में आवागमन की समस्या से बचाव हो सके।
बताते चलें कि सौंदा बस्ती और सौंदा डी पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बंद पोखरिया माइंस के निकट वर्षों से भूमिगत आग की चपेट में है। सड़क और इसके आसपास पूर्व में भी दरारें पड़ी हैं और सड़क धंसान के मामले भी सामने आए हैं। प्रबंधन की ओर से मिट्टी-पत्थर से भराव कर अस्थाई रूप से स्थित में सुधार किया जाता रहा। जबकि भूमिगत आग की समस्या का कभी भी स्थाई रूप से निदान नहीं किया जा सका।
