विकास योजनाओं में नहीं बरतें लापरवाही, समय पर पूरा करें काम : उपायुक्त

गिरिडीह: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को कार्यकारी एजेंसियों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आधारभूत संरचना, पेयजल, सड़क निर्माण, भवन निर्माण, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित कई अहम योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।

उपायुक्त ने सभी विभागों और एजेंसियों को निर्देश दिया कि तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा करें। उन्होंने एक-एक योजना की प्रगति, खर्च और लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का मकसद आम जनता को बेहतर सुविधाएं देना है, इसलिए लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं होगी।

उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग और स्थल निरीक्षण करने को कहा, ताकि कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे। खास तौर पर धीमी गति से चल रहीं सड़क, भवन और पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया गया। एजेंसियों को चेताया गया कि गुणवत्ता से समझौता न हो और यदि कोई तकनीकी या अन्य समस्या हो तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

उपायुक्त ने पारदर्शिता और जवाबदेही को प्रशासन की प्राथमिकता बताया और सभी को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। लंबित योजनाओं की सूची बनाकर उनके शीघ्र क्रियान्वयन के लिए कार्य योजना तैयार करने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!