महाप्रबंधक ने साझा की वित्तीय वर्ष 25-26 में कोयला उत्पादन और संप्रेषण की जानकारी
रामगढ़: सीसीएल बरका-सयाल मुख्यालय के महाप्रबंधक कक्ष में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें महाप्रबंधक अजय कुमार सिंह ने सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र के द्वारा वित्तिय वर्ष 2025-26 में किए गए कोयला उत्पादन और संप्रेषण से संबंधित जानकारी साझा की। महाप्रबंधक ने बताया कि सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र ने वित्तीय वर्ष 2025- 26 में कोयला उत्पादन का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। वर्ष में 87.50 लाख मिट्रिक टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य था। जिसे सीसीएल ने लगभग 87.50 लाख मिट्रिक टन कोयले का उत्पादन कर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। पहले यह लक्ष्य 90 लाख मिट्रिक टन था जिसे बाद में घटा कर 87.50 लाख मिट्रिक टन दिया गया। वहीं वित्तीय वर्ष में सीसीएल बरका सयाल ने लगभग 237 लाख क्यूबिक मीटर ओबी और 80 लाख मिट्रिक टन कोयले का डिस्पैच किया। वहीं सीएचपी साइलो से करीब 1200 रैक निकला जबकि पिछले वर्ष 755 रैक ही निकला था। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वित्तीय वर्ष में लगभग 58% का ग्रोथ हुआ है। इसके साथ ही बिरसा परियोजना पहले 4.5 लाख मिट्रिक टन का उत्पादन करता था, जबकि इस बार लगभग 5.6 मिट्रिक टन कोयले का उत्पादन किया गया।
उन्होंने कहा कि उत्पादन लक्ष्य को प्राप्त करने में यहां के अधिकारी, कर्मचारी, विस्थापित ग्रामीण, यूनियन, स्टेट गवर्नमेंट और सीसीएल मुख्यालय के टीम का काफी सहयोग रहा है। सबके प्रयास से सीसीएल बरका-सयाल इस ऊंचाई पर पहुंच पाया है। सीसीएल बरका-सयाल वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 90 लाख मिट्रिक टन कोयले का उत्पादन करेगा। कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 85 लाख मिट्रिक टन कोयले का उत्पादन लक्ष्य था। जिसमें 81 लाख मिट्रिक टन ही कोयला का उत्पादन हो पाया था।
महाप्रबंधक ने आगे बताया कि सीसीएल बरका-सयाल के भुरकुंडा में इको पार्क का काम लगभग पूरा हो गया है। स्टेट गवर्नमेंट के साथ मिलकर जल्द ही इको पार्क का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही भुरकुंडा में ही 5 मेगावाट सोलर प्लांट भी चालू कर ग्रिड से जोड़ दिया गया है।
