रामगढ़: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय फंडामेंटल लिटरेसी एंड न्यूमरेसी चैम्पियनशिप में रामगढ़ जिला ओवरऑल चैंपियन बना है। इस उपलब्धि पर जिले में हर्ष का माहौल है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा सचिव उमा शंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन और वर्ड पावर चैंपियनशिप के सीईओ प्राणिल नायक उपस्थित रहे।

बताया जाता है कि इस प्रतियोगिता में पूरे राज्य से लगभग 700 बच्चों ने भाग लिया।प्रतियोगिता का सेमीफाइनल जेसीईआरटी रांची में और फाइनल राउंड डोरंडा स्थित शौर्य भवन में आयोजित किया गया। फाइनल राउंड में रामगढ़ जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों और विषयों में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया। जिसमें छावनी बालिका मध्य विद्यालय सुभाष चौक के लक्ष्य वर्णवाल ने वर्ग 3 में हिंदी एवं अंग्रेजी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। छावनी मध्य विद्यालय नईसराय की जिया प्रवीण ने वर्ग 5 हिंदी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छावनी बालिका मध्य विद्यालय की जया कुमारी ने गणित में चौथा स्थान तथा मध्य विद्यालय भरेचनगर मांडू के दीपक कुमार ने गणित में पांचवां स्थान प्राप्त किया। रामगढ़ जिले से कुल 09 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह रामगढ़ जिले के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। वहीं जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार ने कहा कि चैम्पियनशिप से बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास हो रहा है, जो अत्यंत लाभकारी है। उपलब्धि पर अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने कहा कि शिक्षकों, सीआरपी एवं बच्चों के सतत परिश्रम तथा नियमित मॉनिटरिंग के कारण रामगढ़ जिले ने राज्य स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है। अवसर पर एसपीएमयू रूम टू रीड के जिला कोऑर्डिनेटर आदित्य कुमार सहित कई शिक्षक- शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
