रामगढ़: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। साथ ही जागरूकता रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने की। संगोष्ठी और रैली के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने का संकल्प दोहराया गया। 

​संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. अनिल कुमार ने स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हम सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी निरंतर सेवा कार्य कर रहे हैं। काम सुचारू रहे इसके लिए हमें अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए उन्होंने विशेष रूप से सहिया दीदियों से अपील की कि वे क्षेत्र में पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करें और समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच भी कराते रहें।

​अवसर पर एसीएमओ डॉ. नवल कुमार, डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह और डॉ. तुलिका रानी ने भी संबोधित किया और अच्छे स्वास्थ्य के लिए स्वच्छ जीवनशैली और पोषण युक्त आहार लेने पर बल दिया। मौके पर डीपीएमयू यूनिट के सभी सदस्य, एसटीटी, बीटीटी, सहिया और सहिया साथी उपस्थित रहे। 

रामगढ़ के विभिन्न प्रखंडों में लगेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

​सिविल सर्जन रामगढ़ कार्यालय के द्वारा आपातकालीन स्थिति में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु प्रखंडों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।  सदर अस्पताल स्थित रक्त अधिकोष केंद्र (Blood Bank) में रक्त की आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बताया जाता है कि आगामी 13 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माण्डू, 15 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू, 16 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला और 20 अप्रैल को ट्रामा सेंटर पटेल चौक, सदर प्रखंड रामगढ़ में शिविर लगाया जाएगा। सिविल सर्जन ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस नेक कार्य हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर इन शिविरों को सफल बनाने की अपील की है।

By Admin

error: Content is protected !!