रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत पतरातू-रामगढ़ फोरलेन सड़क पर मतकमा चौक के निकट मंगलवार की शाम तेज रफ्तार बाइक ने खड़े ऑटो में जबरदस्त टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि बाइक सवार उसका साथी बाल-बाल बच गया। घायल युवक को एंबुलेंस पर रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार मतकमा चौक के निकट ऑटो ( JH 24A 9272) सवारी के लिए खड़ा था। इस क्रम में शाम तकरीबन 07: 00 बजे पतरातू की ओर आते तेज रफ्तार बाइक ( JH 24B 6733) ने ऑटो में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे ऑटो आगे बढ़कर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बाइक चालक सिरका निवासी विकास बेदिया (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि पीछे बैठा उसका साथी सड़क किनारे फ्लाइ ऐश पर गिरकर बाल-बाल बच गया।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना पर भदानीनगर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस पर घायल विकास और उसके साथी को रामगढ़ सदर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ऑटो और बाइक को जब्त कर ओपी ले आई है। 

By Admin

error: Content is protected !!