रामगढ़: भुरकुंडा लोकल सेल को लेकर समितियों के बीच आपसी समन्वय बनाने के लिए आज बुधवार को भुरकुंडा परियोजना में बैठक आहूत की गई है। इसे लेकर अंचलाधिकारी पतरातू मनोज कुमार चौरसिया ने बताया कि अधिसूचना जारी की गई है। बैठक भुरकुंडा परियोजना कार्यालय या प्रबंधन द्वारा निर्धारित किए गए जगह पर हो सकती है। हालांकि इससे पूर्व अंचलाधिकारी ने बीते 21 मार्च को बैठक की तिथि निर्धारित की थी। जिसे बाद में अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया गया। पुनः अंचलाधिकारी ने  बैठक के लिए 08 अप्रैल की तिथि निर्धारित की है। 

बताते चलें कि भुरकुंडा लोकल सेल में भागीदारी और संचालन में हिस्सेदारी को लेकर विभिन्न समितियों के बीच रार ठनी हुई है। इसके लिए बीते तीन वर्षों में समितियों ने धरना दिया और शक्ति प्रदर्शन भी किया। समितियों के बीच समन्वय बनाने को लेकर हुए प्रयास अब तक विफल रहे और बैठकें हर बार बेनतीजा रहीं। इधर, प्रबंधन ने प्रशासन के सहयोग से पुनः पहल की है। देखना यह होगा इस बार समितियों में समन्वय स्थापित हो पाता है या फिर भुरकुंडा लोकल सेल चालू करने की कवायद अटकी रहती है। 

बहरहाल स्थानीय लोगों को “रोजी-रोटी” मुहैया कराने के लिए भुरकुंडा परियोजना प्रबंधन की तत्परता देख लोगों में खुशी की लहर है। लोग द्रवीभूत होकर चर्चा कर रहे हैं कि समन्वय बनाते हुए लोकल सेल चालू कर दिया जाना चाहिए। क्या पता विस्थापितों-प्रभावितों के लिए भविष्य में बलकुदरा ईको पार्क और सोलर पावर प्लांट में भी रोजगार हेतु कोई और बड़ी कवायद शुरू हो जाए! 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!