हजारीबाग: बड़कागांव में नंदनी ज्वेलर्स के संचालक से गहनों की लूट और गोलीबारी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कांड में संलिप्त सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में चतरा निवासी विनोद कुमार भुइयां, प्रिंस यादव, तेजु कुमार भोक्ता, सिकंदर कुमार, रामधनी ठठेरा, बड़कागांव निवासी संदीप कुमार सोनी और गया (बिहार) निवासी विशाल शांताराम शामिल हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बड़कागांव – हजारीबाग मुख्य मार्ग पर टीपी 05 के आस-पास कुछ लोग हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे है। उक्त सूचना के सत्यापन हेतु अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव पवन कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।  छापामारी टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए टीपी 05 के पास पहुंची। जहां तीन युवकों को झाड़ियों में छिपकर बातचीत करते पाया। इस दौरान घेराबंदी करती पुलिस को देख तीनों भागने लगे। जिसपर पुलिस के जवानों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। 

पूछताछ में युवकों की पहचान चतरा निवासी विनोद कुमार भुइयां, प्रिंस यादव और तेजु कुमार भोक्ता के रूप में हुई। पुलिस अभियुक्तों के पास से एक देशी पिस्टल, 13 गोली, तीन मोबाइल और एक अपाची बाइक बरामद किया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि तीनों झाड़ियों में छिपकर राहगीरों से लूटपाट करने की योजना बना रहे थे। वहीं अपने बयान में उन्होंने बीते सात फरवरी को बड़कागांव के नंदनी ज्वेलर्स के संचालक से गहनों का झोला लूटने और गोलीबारी कर भाग निकलने की बात भी स्वीकार की। उन्होंने पुलिस की बताया कि वे गिरोह बनाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। लूटे गए गहनों को गलाकर अन्य राज्य में बेच देते हैं। 

पुलिस ने अनुसंधान करते हुए उनके सहयोगी सिकंदर कुमार, रामधनी ठठेरा, संदीप कुमार सोनी और विशाल शांताराम को गिरफ्तार किया है। मामले में अग्रेत्तर अनुसधान जारी है। 

वहीं मामले को बड़कागांव थाना काण्ड संख्या 54/26, दि०-09.04.2026, धारा-309 (05)/61 (2) भा०न्या०सं०, 25(6)/25(7)/25 (1-ए)/25 (1-बी) ए/26/31/35 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया है।

 

By Admin

error: Content is protected !!