रामगढ़: उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर बीते 16 फरवरी से 2 मार्च तक ट्रांसजेंडर समुदाय को ब्यूटीशियन प्रशिक्षण दिया गया। इसके उपरांत शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक रामगढ़ ममता देवी, उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। अवसर पर ब्यूटीशियन प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ट्रांसजेंडर समुदाय के 14 प्रतिभागियों के बीच प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया।
अवसर पर विधायक ममता देवी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वहीं उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समाज के वंचित एवं उपेक्षित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ट्रांसजेंडर समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे वे स्वरोजगार के माध्यम से सम्मानजनक जीवन यापन कर सकेंगे।
इस दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा सके। अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी ने अपने संबोधन में प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अपने कौशल का उपयोग कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
