धनबाद: रेल मंडल अधीनस्थ रेल कर्मचारियों के लिए रांगाटांड़ में नवनिर्मित विश्रामगृह का उद्घाटन शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र की उपस्थिति में हुआ। रेल कर्मचारी द्वारा फीता कटवाकर विश्रामगृह का उद्घाटन कराया गया।
अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने उपस्थित रेल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह विश्रामगृह कर्मचारियों के कल्याण और सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस सुविधा से धनबाद मंडल के साथ-साथ अन्य मंडलों से आने वाले रेल कर्मचारियों को भी आरामदायक एवं सुरक्षित ठहरने की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। यह विश्रामगृह कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण विश्राम प्रदान करने के साथ-साथ उनके कार्य निष्पादन में दक्षता एवं मनोबल वृद्धि में भी सहायक सिद्ध होगा।
बताया जाता है कि विश्रामगृह में स्वच्छता, सुरक्षा एवं आवश्यक आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि कर्मचारियों को एक सुखद एवं घर जैसा वातावरण मिल सके। इसमें चार कमरों में आठ बेड और दो किचनों के साथ-साथ डाइनिंग स्पेस की भी वयवस्था की गयी है। मौके पर मंडल के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे ।
