रामगढ़: आगामी मुहर्रम पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत भी मौजूद रहे। बैठक में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को मुहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी जुलूसों की सूची तैयार कर उनका भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करने तथा जुलूस मार्गों का सत्यापन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएं तथा इस संबंध में थाना स्तर पर विशेष निगरानी रखी जाए।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को निर्देश दिया गया कि जुलूस मार्गों पर कहीं भी टूटे अथवा झूलते हुए विद्युत तार नहीं रहें। वहीं थाना प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि जुलूस मार्गों पर पेड़ों की शाखाएं अत्यधिक नीचे न हों तथा आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री पर विशेष नजर रखने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जुलूस में प्रयुक्त होने वाले वाहनों की फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों की जांच करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मोहर्रम समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने तथा आपसी संवाद एवं सहयोग के माध्यम से पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की बात कही गई। संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त सभी चौकीदारों को संवेदनशील स्थलों पर प्रतिनियुक्त कर नियमित रूप से स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने तथा सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपरोक्त बिंदुओं के आलोक में की गई कार्रवाई का संयुक्त प्रतिवेदन 22 जून 2026 तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
