रजरप्पा (रामगढ़): सीसीएल रजरप्पा प्रक्षेत्र से संबंधित विभिन्न  विषयों पर शुक्रवार को महाप्रबंधक कार्यालय के सभागार में समन्वय बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता महाप्रबंधक राजीव सिंह ने किया। बैठक में कोयला चोरी, अवैध कोयला खनन, अवैध परिवहन और भंडारण पर चिंता व्यक्त की गई। प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को अवैध खनन और कोयला चोरी के कानूनी प्रावधानों के संबंध में जागरूक करने का आग्रह किया गया। इस दौरान महाप्रबंधक ने कहा की रजरप्पा परियोजना की खदान और वाशरी क्षेत्र प्रतिबंधित क्षेत्र हैं। जहां बिना अनुमति प्रवेश करना और कोयला चोरी दंडनीय अपराध है।अवैध कोयला खनन, परिवहन, भंडारण और व्यापार से संबंधित मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन, पुलिस, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सीसीएल के मध्य सतत समन्वय की आवश्यकता है। अवैध कोयला खनन एवं कोयला चोरी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सभी पक्षों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा है। वहीं थाना प्रभारी कृष्णा कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रबंधन के साथ हरसंभव सहयोग हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने रजरप्पा परियोजना के ब्लॉक-II विस्तार कार्य में पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। साथ ही रजरप्पा थाना के अवर निरीक्षक रंजीत कुमार महतो ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने हेतु होमगार्ड जवानों को आवश्यक रूप से सशस्त्र किए जाने तथा खदान एवं माइंस क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बढ़ाने का सुझाव दिया, जिससे अवैध गतिविधियों की रोकथाम में सहायता मिल सके।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास एवं स्थानीय हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। उन्होंने मांग की कि सीसीएल द्वारा संचालित कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व योजनाओं में परियोजना प्रभावित ग्रामीणों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को और गति मिल सके। साथ ही आउटसोर्सिंग कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं समान अवसर सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी पात्र स्थानीय ग्रामीणों को समान अवसर प्रदान करने का सुझाव दिया गया।

मौके पर रजरप्पा परियोजना के परियोजना पदाधिकारी एल. के. राय, रजरप्पा वाशरी के परियोजना पदाधिकारी एल. बी. सिंह, महुआटांड थाना प्रभारी कृष्णा कुमार, रजरप्पा थाना के अवर निरीक्षक रंजीत कुमार महतो, स्टाफ अधिकारी (खनन) गौतम नाथ, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) रामानुज, स्टाफ अधिकारी (परियोजना/योजना) रवि कुमार, स्टाफ अधिकारी (भूमि/राजस्व) बिनोद कुमार, स्टाफ अधिकारी (परि व यो) रवि कुमार तथा क्षेत्रीय नोडल अधिकारी (सुरक्षा) आशीष झा उपस्थित थे। बैठक में सेवई उत्तरी के मुखिया कुलदीप सिंह, सेवई दक्षिणी की मुखिया किरण देवी, धवईया के मुखिया तेजलाल महतो, बोरोबिंग की मुखिया बसंती देवी, बड़कीपोना के मुखिया अरविन्द सिंह, मायल के मुखिया मो. फिरोज तथा भूचूंगडीह की मुखिया सुनीता देवी सहित कमांड क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों सहित कई लोग मौजूद थे।

By Admin

error: Content is protected !!