जिला के 1.55 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

रिपोर्ट- एसके सिन्हा

बालूमाथ (लातेहार): लातेहार जिले में रविवार को तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 का शुभारंभ हुआ। अवसर पर सदर अस्पताल में उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त संदीप कुमार ने विधिवत दीप प्रज्जवलित कर और बच्चों को दवा पिलाकर अभियान आरंभ किया। कार्यक्रम में बताया गया कि जिले में यह अभियान 28 से 30 जून 2026 तक जारी रहेगा। पहले दिन बूथ दिवस पर जिले भर में बनाए गए बूथों पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सेविकाएं 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की 2 बूंद दवा पिलाई। जबकि 29 और 30 जून घर-घर जाकर बाकी बच्चों को दवा की खुराक दी जाएगी।

बताया जाता है कि जिले में कुल 1 लाख 55 हजार 359 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 998 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें शहरी क्षेत्र में 24 और ग्रामीण क्षेत्रों में 974 बूथ शामिल हैं।
अभियान को सफल बनाने के लिए 1995 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य टीम 1 लाख 32 हजार 487 घरों में जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक देगी।

अभियान के तहत विशेष स्थानों पर भी पोलियो की दवा पिलाने की व्यवस्था की गई है, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हाट-बाजार एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ट्रांजिट टीम तैनात की गई है ताकि यात्रा के दौरान छूटने वाले बच्चों को भी दवा पिलाई जा सके।

अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार ने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को दवा जरूर पिलाएं। भले ही उन्होंने पहले भी खुराक ली हो। उन्होंने कहा दो बूंद जिंदगी की हर बार अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से दिलाएं।

By Admin

error: Content is protected !!