रांची: रांची विश्वविद्यालय में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने छह शिक्षकों को अलग-अलग विभागों का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया है। सभी शिक्षक अपनी नियमित शैक्षणिक जिम्मेदारियों के साथ यह अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। छात्र हितों की गतिविधियों को और गति देने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत पीजी जूलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आनंद कुमार ठाकुर को स्टूडेंट आर्ट एंड कल्चर का निदेशक (प्रभारी) बनाया गया है। विश्वविद्यालय की समस्त कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी अब उनके पास होगी। वहीं एसएस मेमोरियल कॉलेज के हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनिल बीरेंद्र कुल्लू को स्पोर्ट्स एंड फिजिकल एजुकेशन का निदेशक (प्रभारी) नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए फिजिक्स विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राज कुमार सिंह को इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड डिजिटल लर्निंग का निदेशक (प्रभारी) बनाया गया है। नामांकन से जुड़ी व्यवस्था के लिए गणित विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शीत निहाल टोपनो को एडमिशन-इन-चार्ज की जिम्मेदारी दी गई है, जो छात्र कल्याण संकाय के डीन के साथ समन्वय कर कार्य करेंगे।
छात्रों के रोजगार और प्रशिक्षण से जुड़े कार्यों के लिए अंग्रेजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुमित कुमार डे को इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप एंड प्लेसमेंट का निदेशक (प्रभारी) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही हिंदी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनीता गुप्ता को लाइफलॉन्ग लर्निंग एंड एजुकेशन का निदेशक (प्रभारी) बनाया गया है। विश्वविद्यालय का मानना है कि इस नई व्यवस्था से प्रशासनिक कार्यों में कसावट के साथ छात्र केंद्रित गतिविधियों का बेहतर संचालन हो सकेगा।
