रांची: राजधानी रांची में एक ही रात हुई अपराध की तीन अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस को तीनों घटनाओं में अपराध करने का तरीका एक जैसा मिला, जिसके बाद मामले के लिए गठित विशेष जांच दल ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
मामला 26 अगस्त का है। औघड़ बाबा आश्रम के पास झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान 32 वर्षीय उपेन्द्र कुमार मिश्रा, निवासी कुम्हार टोली, सुखदेवनगर के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार उपेन्द्र की चाकू मारकर हत्या करने के बाद उसका मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट ली गई थी।
जांच आगे बढ़ने पर अरगोड़ा थाना क्षेत्र में सहजानंद चौक के पास ट्रक चालक से चाकू के बल पर मोबाइल लूट और बसंत बिहार रोड नंबर-5 स्थित निर्माणाधीन भवन से मोबाइल चोरी की घटना में भी समानता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तीनों मामलों को जोड़कर जांच तेज कर दी।
विशेष जांच दल ने इस मामले में सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर और राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इनके पास से चार मोबाइल फोन, फोल्डेबल स्टेनलेस स्टील चाकू, कपड़े और चप्पल बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई में एएसपी कोतवाली निखिल रॉय, वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया नीरज कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी सन्नोज कुमार चौधरी, अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोरोई और सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा के साथ संबंधित थाना और तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
