Wild elephant attack

मांडू (रामगढ़): मांडू चट्टी पंचायत अंतर्गत बसौदी डगडगीया के जंगल में रविवार को खेत में काम कर रहे किसान पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। 

मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह डगडगीया निवासी छोटेलाल किस्कू पिता हीरालाल मांझी जंगल के निकट अपने खेत की फसल में की दवा का छिड़काव कर रहा था। इस दौरान जंगल से बाहर आकर एक हाथी ने हमला कर दिया। अफरातफरी के बीच स्थानीय लोगो ने किसी तरह छोटेलाल की जान बचाई। घायल को तुरंत मांडू स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

विधायक प्रतिनिधि सह उप मुखिया पंकज कुमार गुप्ता ने वन विभाग को घटना की जानकारी देते हुए घायल को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। स्थानीय लोगों से हाथी के करीब न जाने और सुरक्षित जगहों में रहने की अपील की जा रही है।