जिला मुख्यालयों के समक्ष नारेबाजी, राज्य सरकार पर साधा निशाना
रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में हुई कथित धांधली के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच और छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज किए गएमुकदमों की तत्काल वापसी की मांग को लेकर मंगलवार को भाजपा का चार दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन शंखनाद के साथ शुरू हो गया। आंदोलन के पहले ही दिन राज्य के विभिन्न जिलों में पार्टी के शीर्ष नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालयों का जोरदार घेराव कर सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।

राजधानी रांची में आंदोलन की कमान खुद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने संभाली। प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, मुख्य सचेतक श नवीन जायसवाल और विधायक सीपी सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया। दुमका में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में दुमका उपायुक्त कार्यालय का जोरदार घेराव कर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन सहित भाजपा दुमका जिला कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हजारीबाग जिला मुख्यालय के समक्ष पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद मनीष जायसवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, विधायक अमित कुमार यादव की अगुवाई में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जबकि गढ़वा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी जी के नेतृत्व में उपायुक्त दफ्तर पर प्रदर्शन कर सरकार को सीधे शब्दों में चेतावनी दी गई।

भाजपा जमशेदपुर महानगर ने पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी की उपस्थिति में साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया गया। भाजपा ने साफ कर दिया है कि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलता और धांधली की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक यह संघर्ष थमेगा नहीं।
