बरकाकाना (रामगढ़): पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राघवेंद्र शर्मा ने मंगलवार को नया नगर घुटूवा में दुर्गा पूजा की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर पूजा समिति को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

एसडीपीओ ने पूजा पंडाल, मेला परिसर और पार्किंग स्थल का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पूजा समिति को पंडाल परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।  उन्होंने समिति को अग्निशमन यंत्रों की पुख्ता व्यवस्था करने, पंडाल में आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते रखने को कहा। उन्होंने प्रशासनिक गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

वहीं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उन्होंने दो पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्किंग की व्यवस्था पूरी तरह दुरूस्त होनी चाहिए। जिससे पूजा के दौरान सड़क पर आवागमन सुचारू रहे। 

मौके पर बरकाकाना ओपी प्रभारी रोशन बाड़ा सहित अन्य पुलिस कर्मी और नया नगर घुटूवा दुर्गा पूजा समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।