रांची: दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती का आदेश जारी किया है। 14 से 23 अक्टूबर तक लागू रहने वाली इस व्यवस्था के तहत रांची, पलामू, बोकारो, हजारीबाग, दुमका और चाईबासा क्षेत्रों में जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। किसी भी अप्रिय घटना, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था से जुड़ी चुनौती से निपटने के लिए यह कदम उठाया गया है।

पुलिस मुख्यालय के संशोधित आदेश के मुताबिक, रांची क्षेत्र में जैप-6 के 50 प्रशिक्षित लाठी जवान तैनात रहेंगे। पलामू में जैप-1 के 50, बोकारो में जैप-6 के 50 और चाईबासा में जैप-6 के 50 जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। हजारीबाग में एसआईआरबी-2 के 50 लाठी जवानों को जिला पुलिस अधीक्षक के नियंत्रण में रखा गया है।

दुमका क्षेत्र में जैप-1 की आरएपी-5 कंपनी को अस्थायी कैंप के साथ तैनात किया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय, रांची के नियंत्रण में 50 मुख्यालय लाठी जवान रिजर्व में रहेंगे। इनका अस्थायी कैंप डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर में निर्धारित किया गया है।

आदेश के अनुसार, प्रतिनियुक्त बल निर्धारित अवधि तक संबंधित क्षेत्रों में उपलब्ध रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था संभालने और आपात परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई के लिए लगाया जा सकेगा। दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शांति बनाए रखने के साथ किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटना पुलिस की प्राथमिकता होगी।