| हत्याकांड से फैली सनसनी, पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी |
पत्नी और उसके रिश्तेदार दंपती से पुलिस कर रही पूछताछ
• फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम पहुंची, छानबीन जारी
• हत्याकांड को लेकर लग रहे कई कयास
गिद्दी (हजारीबाग): गिद्दी थाना अंतर्गत गिद्दी ‘ए’ में बीती रात दो नकाबपोशों ने सीसीएल कर्मी के घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई। बताया जाता है कि सीसीएल के मगध-आम्रपाली में बतौर क्लर्क कार्यरत मंगलेश पाल और उनकी पत्नी सलोनी अपने क्वार्टर में थे। रात में दो नकाबपोश घर में घुसे और दंपति को बंधक बनाते हुए धारदार हथियार से मंगलेश पाल की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हत्यारे भाग निकले।
घटना की जानकारी पर पहुंचे पास-पड़ोस के लोगों ने घर के फर्श पर मंगलेश पाल को मृत अवस्था में देखा। जबकि मृतक की पत्नी बंधक अवस्था में बेसुध मिली। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की गई।

पत्नी और उसके रिश्तेदार दंपती से हो रही पूछताछ
घटना के दूसरे दिन रविवार की सुबह बड़कागांव अंचल पुलिस निरीक्षक ललित कुमार सदलबल घटनास्थल पहुंचे। जहां उन्होंने मृतक के आवास पर उनकी पत्नी सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं हत्या की सूचना पर जमशेदपुर से मृतक की बहन और बहनोई पहुंचे। जिनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की जांच पड़ताल करते हुए पुलिस मृतक की पत्नी और उसके स्थानीय रिश्तेदार दंपती को पूछताछ के लिए साथ ले गई।
स्क्वॉड डॉग के साथ पहुंची फोरेंसिक टीम
वारदात की गंभीरता को देखते हुए रविवार सुबह फोरेंसिक टीम स्क्वॉड डॉग के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घर का बारीकी से निरीक्षण किया, खून के धब्बे, हथियार से जुड़े संभावित साक्ष्य और अन्य नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस हर पहलु की कर रही जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, हत्याकांड को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है। कई प्रकार के कयास भी लगाए जा रहे हैं। हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार मामले का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।

