रांची: छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने कांके डैम, हटनिया तालाब मछली घर, चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और डोरंडा स्थित बटन तालाब का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रत्येक घाट पर पहुंचकर वहां की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं, संभावित चुनौतियों और आवश्यक सुधारों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर मौजूद छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों से भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि छठ आस्था का पर्व है और प्रशासन का दायित्व है कि व्रती बिना किसी परेशानी के अपनी आराधना पूरी कर सकें।

उपायुक्त ने नगर निगम के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पूर्व सभी चिन्हित घाटों की पूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। सीढ़ियों पर जमी काई हटाई जाए, डीडीटी का छिड़काव किया जाए और जल की स्वच्छता बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि छठ के दिनों में सफाईकर्मी घाटों पर निरंतर तैनात रहें।

धुर्वा डैम के निरीक्षण के दौरान जाली लगे होने से आवागमन में कठिनाई की संभावना को देखते हुए उन्होंने संपूर्ण घाट क्षेत्र की सघन सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और महिलाओं व पुरुषों के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। एनडीआरएफ टीम को सुरक्षा और आपात व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया।

इसके अलावा उपायुक्त मिसिर गोंदा कांके रोड स्थित बारह पड़हा जतरा पूजा समिति स्थल भी पहुंचे। वहां जतरा मेला की तैयारियों पर चर्चा की और पहुंच मार्ग पर अतिक्रमण हटाने का निर्देश नगर निगम को दिया।

उपायुक्त ने सभी छठ महापर्व समितियों से जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की ताकि पर्व सुचारू, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था धनंजय, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सदर एसडीओ कुमार रजत, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, नगर निगम के अधिकारी, स्थानीय थाना प्रभारी, पार्षदगण और विभिन्न छठ पूजा समितियों के अध्यक्ष व सदस्य मौजूद थे।