उरीमारी (हजारीबाग): राज्य सरकार के आदेशानुसार अक्टूबर माह को डिस्लेक्सिया माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को भारत भारती विद्यालय उरीमारी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के सभी बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पदयात्रा से हुई। विद्यालय से निकली पदयात्रा पीला क्वार्टर होते हुए वापस विद्यालय पहुंची। इस दौरान बच्चों ने डिस्लेक्सिया जागरूकता को लेकर “हर बच्चा है खास, सीखने का अधिकार सबके पास” और “तुलना ना करो, प्यार से समझाओ, डिस्लेक्सिया को मिलकर हटाओ” जैसे नारे भी जमकर लगाए।
विद्यालय परिसर में बच्चों ने पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें डिस्लेक्सिया विषय पर एक से बढ़कर एक पेंटिंग और रंगोली बनाई गई। वहीं एलकेजी से कक्षा चार तक के छोटे बच्चों को डिस्लेक्सिया संबंधित विकारों को समझाने के लिए फिल्म तारे जमीन पर दिखाई गई।
मौके पर विद्यालय के निदेशक अनिमेष कुमार यादव, सहायक निदेशक अभिषेक कुमार यादव, प्राचार्य माहे आलम अंसारी, उप प्राचार्य अर्जुन कुमार साव सहित शिक्षक शिव शाह, ललन कुमार, रंजीत कुमार मेहता, सीमा श्रीवास्तव, सरिता गयासेन, अनीता कुमारी, राधिका कुमारी, शालिनी सिंह, प्रियंका सिंह, फुलमुनि मुर्मू, रितु कुमारी, शगुफ्ता परवीन सहित अन्य मौजूद थे।

